
बिलासपुर। बहतराई क्षेत्र के बीआर यादव नगर, वार्ड नंबर 49 में बिजली, पानी और सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षद सुनील सोनकर ने मंगलवार को नगर निगम और जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर पार्षद ने नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार घेराव किया और प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौंपा।

विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति, जल संकट और सफाई व्यवस्था की बदहाली के चलते आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
पार्षद सुनील सोनकर ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हम वार्डवासियों की समस्याओं को लेकर शांतिपूर्वक अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन अगर सरकार ने समय रहते समाधान नहीं किया, तो हम सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।”
इस अवसर पर कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और अन्य पार्षद भी उपस्थित रहे। सभी ने एक सुर में शासन से जल्द से जल्द समस्याओं के निराकरण की मांग की।