कांग्रेस का आरोप – मोदी सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं…

बिलासपुर-पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और कूटनीतिक विफलताओं के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन मुश्किल हो गया है।


कांग्रेस ने कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 195 रुपये की बढ़ोतरी की है। इससे पहले पिछले तीन महीनों में ही 525 रुपये की वृद्धि की जा चुकी थी। वहीं, पिछले सप्ताह घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भी 62 रुपये बढ़ाए गए हैं, जिससे रसोई का बजट और बिगड़ गया है।

पार्टी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर राहत देने का दावा किया था, लेकिन अब फिर से पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। कुछ जगहों पर पेट्रोल के दाम 1 रुपये से अधिक बढ़े हैं, जबकि नायरा के पेट्रोल पंपों पर 4 रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इसके अलावा एवीएशन फ्यूल (हवाई ईंधन) के दाम बढ़ने से हवाई यात्रा भी महंगी हो गई है। कांग्रेस का आरोप है कि खाद्य तेल, दूध, मावा और अन्य राशन सामग्री के दाम भी तेजी से बढ़े हैं, जिससे आम आदमी के किचन का बजट पूरी तरह प्रभावित हुआ है।

कांग्रेस ने उदाहरण देते हुए कहा कि खाद्य तेल, जो पहले करीब 70 रुपये प्रति लीटर था, अब 200 रुपये के पार पहुंच चुका है। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत, जिसे पहले 400 रुपये महंगा बताया जाता था, अब 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत भी बढ़कर 1691 रुपये हो गई है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उनका कहना है कि सरकार की नीतियां केवल बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं, जबकि आम जनता महंगाई से जूझ रही है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने मनरेगा के माध्यम से रोजगार की कानूनी गारंटी दी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उसे कमजोर कर दिया है। इससे गरीबों के रोजगार के अवसर कम हुए हैं और उनकी आय पर असर पड़ा है।

कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया कि देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है और इसका मुख्य कारण सरकार की गलत आर्थिक नीतियां हैं। रेलवे टिकट, स्कूल-कॉलेज की फीस और बैंकिंग सेवाओं पर लगने वाले विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी से आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है।

अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उन्होंने महंगाई को ‘भाजपा निर्मित आपदा’ बताते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की है।

jitendra porte

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *